रायपुर |
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और महतारी वंदन योजना इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती किसी भी समाज और राज्य के विकास का आधार होती है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को न केवल आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि उनका आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश की लाखों माताओं और बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
यह भी पढ़ें: बिलासपुर में बनेगी 120 करोड़ की एजुकेशन सिटी, युवाओं को मिलेगा आधुनिक शिक्षा ………..आगे पढ़ें
गौरतलब है कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, घरेलू जरूरतों और छोटे स्वरोजगार कार्यों में कर रही हैं, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

जून 2026 में जारी 28वीं किस्त के साथ ही योजना के तहत अब तक महिलाओं को 18 हजार 165 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिली है और लाखों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा का आधार मिला है।
यह भी पढ़ें: दवाओं, उपकरणों, निर्माण कार्यों और आईटी व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा………..आगे पढ़ें
मुख्यमंत्री ने बताया कि नियद नेल्लानार अभियान के माध्यम से सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की 7 हजार 770 नई महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ा गया है। इससे संवेदनशील और वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं को भी आर्थिक सहायता का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना अब केवल आर्थिक सहायता देने वाली योजना नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, विश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है। राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
