रायपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना डीडी नगर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन और अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट और बीएनएसएस के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुरा स्थित कुरी तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महादेव घाट निवासी अमर गुप्ता को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला गिरफ्तार
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड के पास एक व्यक्ति चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुकुरबेड़ा निवासी शंकर साहू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
यह भी पढ़ें: जर्जर सड़क और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन………..आगे पढ़ें
थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पूर्व में समझाइश दिए जाने के बावजूद गतिविधियां जारी रहने पर पुलिस ने घेराबंदी कर 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रायपुर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
