राजनांदगांव, 28 अक्टूबर 2026
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जरूरतमंद परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है। परिवार के किसी सदस्य के असामयिक निधन के बाद यह योजना उनके आश्रितों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। ऐसी ही एक राहत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम लिटिया निवासी श्री योगेश कुमार वर्मा को मिली है। पत्नी स्वर्गीय श्रीमती अनसुईया बाई वर्मा के निधन के बाद उन्हें योजना के तहत 2 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि प्राप्त हुई है।
श्री योगेश कुमार वर्मा ने बताया कि वे खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पत्नी के निधन के बाद परिवार के सामने कठिन परिस्थितियां उत्पन्न हो गई थीं। ऐसे मुश्किल समय में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना उनके परिवार के लिए आर्थिक सहारा बनी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी श्रीमती अनसुईया बाई वर्मा इस योजना के तहत बीमित थीं। उनके निधन के बाद बैंक के माध्यम से बीमा दावा प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके पश्चात उन्हें 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। इस राशि से परिवार को कठिन समय में बड़ी राहत मिली।
योगेश कुमार वर्मा ने विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना से मिली सहायता ने मुश्किल समय में परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। इसके अंतर्गत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के पात्र व्यक्तियों को बैंक के माध्यम से 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाता है। योजना के तहत बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर नामांकित व्यक्ति को 2 लाख रुपये की बीमा राशि दी जाती है।
यह योजना कम वार्षिक प्रीमियम पर जीवन बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराकर आम नागरिकों और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संरक्षण प्रदान कर रही है। असामयिक निधन जैसी कठिन परिस्थितियों में मिलने वाली यह सहायता परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा साबित हो रही है।
