कवर्धा |
कवर्धा शहरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नई सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहर के प्रमुख क्षेत्र में नवनिर्मित “मित्र मिलन चौपाटी” का भव्य लोकार्पण किया। इस चौपाटी के शुरू होने से अब शहरवासियों को विभिन्न प्रकार के व्यंजन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे, वहीं यह जगह परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए भी नया आकर्षण केंद्र बनेगी।
चौपाटी परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां आकर्षक रंग-रोगन, सजावटी लाइटिंग, व्यवस्थित पार्किंग, शुद्ध पेयजल और सर्वसुविधायुक्त शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “मित्र मिलन चौपाटी” केवल खानपान का केंद्र नहीं, बल्कि छोटे व्यवसायियों के लिए सम्मान और स्थायित्व का प्रतीक है।
यह भी पढ़ें: बीजापुर जिले में हुए तेंदूपत्ता अग्निकांड को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन…….आगे पढ़ें
उन्होंने कहा कि पहले कई छोटे फुटकर व्यापारी सड़कों और चौक-चौराहों पर असुरक्षित परिस्थितियों में गुमटी लगाकर रोजगार चलाते थे। अब उन्हें एक व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया गया है, जिससे उनका स्वरोजगार सुरक्षित होगा और जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।

उन्होंने बताया कि वीर स्तंभ चौक और शिवाजी चौक का सौंदर्यीकरण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं भोरमदेव कॉरिडोर और मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से जारी है। इसके अलावा भोजली तालाब पाथवे चौड़ीकरण, हनुमंत वाटिका निर्माण और ठाकुरदेव चौक से बस स्टैंड तक पहुंच मार्ग का विकास कार्य भी प्रगति पर है।
यह भी पढ़ें: GPM में ज्वेलर हत्याकांड में जिला बंद, परिजन बोले — गिरफ्तारी के बाद ही होगा ……..आगे पढ़ें
गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी टीमें लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। शहर को बाईपास से जोड़ने के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ का निर्माण भी किया जा रहा है।शहर में नालंदा लाइब्रेरी, शिव वाटिका, बूढ़ा महादेव परिसर उन्नयन, विशाल डोम निर्माण और पुराने अस्पताल परिसर के जीर्णोद्धार जैसे कार्य जारी हैं।

इसके अलावा बुजुर्गों के लिए “सियान सदन” का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं एसडीएम कार्यालय और शुगर फैक्ट्री परिसर में “बलराम सदन” और “किसान सदन” का निर्माण पूर्ण हो चुका है।उप मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए भोरमदेव विद्यापीठ में पीएससी और व्यापम परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। साथ ही जिले के 50 शासकीय स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार वनमंडल अंतर्गत देवपुर जंगल में दिखी दुर्लभ विशाल भारतीय गिलहरी ……..आगे पढ़ें
उन्होंने नगर पालिका कार्यालय के सामने जल्द एक और नई चौपाटी शुरू करने की घोषणा भी की। साथ ही कवर्धा को धूल-रहित और स्वच्छ शहर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि शहरवासियों का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म हुआ है। चौपाटी बनने से फुटकर व्यापारियों को राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित और सुगम बनेगी।
