रायपुर, 25 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी कौशल और उद्यमिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘स्त्री’ (STREE – Skill Development through Technological Resources for Empowering Economic Growth of Women) परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग (DSIR) द्वारा प्रायोजित इस परियोजना की कुल लागत 89.97 लाख रुपये है। इसका क्रियान्वयन एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) द्वारा जिला प्रशासन धमतरी के सहयोग से किया जा रहा है।

परियोजना के तहत आगामी 36 महीनों में जिले की 300 ग्रामीण महिलाओं को कोसा सिल्क प्रसंस्करण, आधुनिक बुनाई, उत्पाद विकास और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक कोसा सिल्क और कृषि-अपशिष्ट से तैयार होने वाले शिल्प उत्पादों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर बाजार के अनुरूप विकसित करना है, ताकि महिलाएं इन गतिविधियों को आय और रोजगार के स्थायी साधन के रूप में अपना सकें।

परियोजना के उद्घाटन अवसर पर ग्रामीण महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के लिए एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें NITRRFIE के अधिकारियों सुश्री मेधा सिंह, श्री सुनील देवांगन, श्री सौरभ लूथरा और श्री हिमांशु चौरसिया ने प्रशिक्षण सत्र संचालित किए। कार्यशाला में ई-कॉमर्स, उत्पाद डिजाइन, उत्पादों की तस्वीरों को बेहतर बनाने तथा डिजिटल विज्ञापन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई। महिलाओं को आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए अपने उत्पादों की पहचान और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस पहल को ग्रामीण उद्यमिता, स्टार्टअप विकास और ‘वोकल फॉर लोकल’ के दृष्टिकोण के अनुरूप बताया। उन्होंने कहा कि उन्नत तकनीक के साथ कौशल विकास को जोड़ने से जिला आधारित उत्पादों को मजबूती मिलेगी और महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के नए अवसर तैयार होंगे।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा परियोजना प्रमुख श्री अविनाश मिश्रा ने कहा कि शासकीय पॉलिटेक्निक रुद्री स्थित ‘स्त्री’ स्किल सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय शिल्प और उत्पादों को GeM तथा ONDC जैसे राष्ट्रीय ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके।

एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव ने कहा कि NITRRFIE और इंडिया एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (IndiaAI CoE) के माध्यम से पारंपरिक कला और आधुनिक उद्योग के बीच की दूरी कम करने की दिशा में काम किया जा रहा है। वहीं परियोजना के प्रधान अन्वेषक एवं NITRRFIE के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. अनुज कुमार शुक्ला ने बताया कि परियोजना में मोटराइज्ड रीलिंग, इलेक्ट्रॉनिक जैक्वार्ड लूम, एआई-सहायता प्राप्त डिजाइन और व्यवस्थित लागत निर्धारण जैसी आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है। इन तकनीकों और प्रशिक्षण के माध्यम से 300 महिलाओं को पारंपरिक बुनकरों से आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर ब्रांड मालिकों और स्टार्टअप उद्यमियों के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में प्रो. संजीव पराशर (प्रभारी निदेशक, आईआईएम रायपुर), श्री रामू रोहरा (महापौर, नगर पालिक निगम धमतरी), श्री अरुण सार्वा (अध्यक्ष, जिला पंचायत धमतरी), श्री जयंत नाहटा (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी), श्रीमती अंगिरा ध्रुव (अध्यक्ष, जनपद पंचायत धमतरी), श्रीमती मोनिका देवांगन (सभापति, जिला पंचायत धमतरी), श्रीमती लक्ष्मी बया और श्री अमित मिश्रा (प्राचार्य, पॉलिटेक्निक कॉलेज धमतरी) सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस परियोजना को NITRRFIE, DSIR, MeitY के इंडिया एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, छत्तीसगढ़ शासन और एनआईटी रायपुर का सहयोग प्राप्त है।
