रायपुर, 25 नवंबर 2026
भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप छत्तीसगढ़ में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न गतिविधियों के समन्वय के लिए राज्य शासन ने संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया है। इस अवसर पर प्रदेशभर में शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को सुबह 11 बजे जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जाएगा। यह आयोजन शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों और संगठनों में होगा। इसके साथ ही नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को MY Gov पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उद्देशिका वाचन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। ऑनलाइन वाचन की सुविधा 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी सहित कुल 23 भाषाओं में उपलब्ध रहेगी।
युवाओं और विद्यार्थियों में संविधान के प्रति समझ और जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से 18 से 26 नवंबर 2026 तक MY Gov पोर्टल पर संविधान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। विद्यार्थियों और युवाओं को इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा 24 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले विकसित भारत युवा संवाद में जिला युवा अधिकारियों के माध्यम से युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
संविधान दिवस के अवसर पर स्कूलों और कॉलेजों में भी विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, परिचर्चा तथा पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, उद्देश्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जाएगा।
राज्य शासन के संस्कृति विभाग के सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार प्रत्येक जिले में कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय और प्रभावी आयोजन के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नामांकित किया जाएगा। आयोजित कार्यक्रमों, उनमें शामिल प्रतिभागियों की संख्या और संचालित गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन फोटोग्राफ्स सहित संस्कृति विभाग की ईमेल आईडी sanskriti.rajbhasha@gmail.com पर भेजना सुनिश्चित किया जाएगा।
आयोजन से संबंधित अन्य जानकारी के लिए संस्कृति विभाग के नोडल अधिकारी श्री युगल तिवारी से मोबाइल नंबर 94063-98080 पर संपर्क किया जा सकता है।
