गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही |
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के कोटमी में ज्वेलर प्रदीप सोनी की हत्या के बाद पूरे जिले में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घटना के विरोध में व्यापारी संगठनों ने जिला बंद का ऐलान किया है, जिसके चलते बाजार पूरी तरह बंद रहे। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

मृतक प्रदीप सोनी के परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक हत्या के तीनों आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। सुबह से प्रशासन और पुलिस लगातार परिजनों को समझाने में जुटी रही, लेकिन देर तक सहमति नहीं बन पाई।
यह भी पढ़ें: बीजापुर जिले में हुए तेंदूपत्ता अग्निकांड को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन…….आगे पढ़ें

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों का पैनल तैयार किया है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा जिला अस्पताल में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।बिलासपुर रेंज के IG राम गोपाल गर्ग देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया और पुलिस टीमों को तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। GPM के साथ-साथ बिलासपुर, कोरबा, मनेंद्रगढ़, कोरिया, अनूपपुर और डिंडोरी जिलों में नाकेबंदी कर जांच की जा रही है। पल्सर बाइक सवार संदिग्धों की तलाश जारी है।
भरे बाजार में हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद व्यापारी वर्ग में भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
