रायपुर, 25 नवंबर 2026
राज्य शासन के जनसंपर्क विभाग ने रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के आयोजन को प्रभावी और व्यापक स्वरूप देने के लिए आठ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है। यह साहित्य उत्सव आगामी 8 से 10 जनवरी 2027 तक नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के तहत समिति में साहित्य, पत्रकारिता और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों को नामांकित किया गया है।
गठित सलाहकार समिति में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा और छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा को शामिल किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के प्रेस ऑफिसर श्री आलोक सिंह, प्रख्यात साहित्यकार एवं स्तंभकार श्री अनंत विजय, पांचजन्य के संपादक श्री हितेश शंकर तथा साहित्य परिषद दिल्ली से श्री मनोज कुमार को भी समिति में सदस्य के रूप में नामांकित किया गया है।
रायपुर साहित्य उत्सव-2027 का प्रमुख उद्देश्य साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है। इस आयोजन के माध्यम से साहित्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद और विचार-विमर्श को प्रोत्साहन मिलेगा। उत्सव को सार्थक, प्रभावी और व्यापक स्वरूप प्रदान करने के साथ ही इसके आयोजन को बेहतर बनाने में सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
आगामी 8, 9 और 10 जनवरी 2027 को पुरखौती मुक्तांगन, नवा रायपुर में होने वाला यह साहित्य उत्सव प्रदेश की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।
