रायपुर, 25 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय की उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय ने सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस पहल को किसानों के हित में महत्वपूर्ण और किसान हितैषी कदम बताया। निजी कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे श्री पांडेय ने बुधवार को सर्किट हाउस में खाद्य विभाग और सहकारी बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश की धान खरीदी व्यवस्था और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
चर्चा के दौरान श्री पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का यह निर्णय किसानों के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया है। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि छत्तीसगढ़ में निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है। इससे उन किसानों को भी योजना का पूरा लाभ मिल सकेगा, जो अपनी घरेलू जरूरतों के लिए कुछ धान सुरक्षित रखते हैं या किसी कारणवश अपनी पूरी उपज का विक्रय नहीं करते हैं। इस व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज के उपयोग और बिक्री में सुविधा मिलने के साथ उनकी आर्थिक सुरक्षा भी मजबूत होगी।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश के मंत्री श्री पांडेय ने छत्तीसगढ़ में धान उपार्जन की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया, धान विक्रय के लिए टोकन व्यवस्था, खरीदी केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, उपज की तौल और भुगतान की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने यह भी जाना कि किसानों को धान बेचने के दौरान किन सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लाभ दिया जा रहा है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और विभागीय गतिविधियों की प्रगति से भी उन्हें अवगत कराया। साथ ही शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचाने और धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक श्री नितिन दीवान, जिला विपणन अधिकारी श्री उपेंद्र खांडे, खाद्य अधिकारी श्री राजीव लोचन तिवारी, सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ श्री प्रभात मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
