रायपुर, 25 नवंबर 2026
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर आज रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर, श्री सिद्धि विनायक मंदिर और भैरो बाबा मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता करते हुए बिलासपुर के वृद्धाश्रम और शिशुगृह पहुंचकर बुजुर्गों एवं बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बीच खुशियां साझा कीं।

उप मुख्यमंत्री श्री साव बिलासपुर स्थित कल्याण कुंज वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बुजुर्गों को गर्म कपड़े और फल वितरित किए तथा उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया। इस दौरान वरिष्ठजनों ने उन्हें स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया। श्री साव ने बुजुर्गों के साथ संवाद कर उनके प्रति सम्मान और अपनत्व व्यक्त किया।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री कुदुदंड स्थित सेवा भारती द्वारा संचालित ‘मातृ छाया’ शिशुगृह पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। उन्होंने शिशुगृह में संचालित सेवा कार्यों में भी सहभागिता की।
जन्मदिन के अवसर पर मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ वृद्धाश्रम और शिशुगृह पहुंचकर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना से जुड़े कार्यों में अपनी सहभागिता निभाई।
