रायपुर, 26 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर माह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।
जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी श्रीमती मंजू खनसारी भी इस योजना की लाभार्थी हैं। योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता उनके लिए छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने का भरोसेमंद सहारा बनी है। मंजू बताती हैं कि पहले आवश्यक खर्चों के लिए परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब हर माह मिलने वाली राशि से उन्हें आर्थिक सहूलियत मिली है।
मंजू इस राशि का उपयोग अपनी दैनिक और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। उनके लिए यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने जरूरी खर्चों को लेकर निर्णय लेने और आर्थिक निर्भरता कम करने का माध्यम भी है। उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपनी जरूरतों को अधिक सहजता से पूरा कर पा रही हैं।
मंजू ने कहा कि “विष्णु भैया की सरकार बहनों के सम्मान और जरूरतों का ध्यान रख रही है। महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली राशि से हमें आर्थिक सहारा मिलता है और जरूरी खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।”
उन्होंने योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बहनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और खुशहाली के लिए सरकार का यह प्रयास उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल देने के साथ उनके आत्मविश्वास और सम्मान को भी मजबूत करने का माध्यम बन रही है।
