महतारी वंदन योजना से रक्षाबंधन की खुशियां हुईं दुगुनी
रायपुर, 26 अगस्त 2026
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता से महिलाएं रोजमर्रा की जरूरतों के साथ परिवार की आवश्यकताओं और त्योहारों की तैयारियां भी आसानी से पूरी कर पा रही हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की 31वीं किस्त मिलने से महिलाओं के घरों में त्योहार की खुशियां और बढ़ गईं।
बस्तर जिले के ग्राम देवड़ा निवासी श्रीमती उर्मिला यादव भी महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्हें योजना की 31वीं किस्त के रूप में एक हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। रक्षाबंधन के समय मिली यह राशि उनके लिए विशेष खुशी लेकर आई। उर्मिला ने बताया कि वह इस राशि का उपयोग राखी, मिठाई और उपहार खरीदने में करेंगी। त्योहार के समय मिली आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए काफी उपयोगी साबित हुई है।
उर्मिला यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद। महतारी वंदन योजना से हमें हर महीने आर्थिक सहारा मिल रहा है। रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर राशि मिलने से हमारी खुशी दुगुनी हो गई है।”
उन्होंने बताया कि योजना की राशि केवल त्योहारों की जरूरतों तक सीमित नहीं है। नियमित आर्थिक सहायता से वह हर महीने 300 रुपये बैंक में बचत के रूप में जमा कर रही हैं, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर यह राशि काम आ सके। उनके अनुसार, छोटी-छोटी बचत भविष्य की बड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहायक बन सकती है।
उर्मिला ने कहा कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में भी कई बार परिवार को परेशानी होती थी। अब नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपनी तथा परिवार की आवश्यकताओं को लेकर बेहतर निर्णय ले पा रही हैं। योजना की राशि सीधे महिलाओं तक पहुंचने से उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनने का अवसर मिल रहा है।
रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। ऐसे अवसर पर महतारी वंदन योजना की किस्त मिलने से उर्मिला यादव सहित जिले की अनेक महिलाओं के लिए त्योहार की खुशियां और भी खास हो गईं। योजना की आर्थिक सहायता वर्तमान जरूरतों का सहारा बनने के साथ महिलाओं को बचत, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ा रही है।
