रायपुर, 10 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था और गौसेवा की परंपरा के अनुरूप उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित अपने निवास में सपरिवार गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की और उन्हें प्रसाद खिलाया। उप मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता से प्रार्थना की कि प्रदेश के अन्नदाताओं के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से परिपूर्ण रहें। किसानों को अच्छी फसल और समृद्धि प्राप्त हो तथा प्रदेश में गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन निरंतर होता रहे।
उन्होंने कामना की कि गोवर्धन पूजा का यह पावन पर्व प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। साथ ही छत्तीसगढ़ में लोक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और गौसेवा की भावना निरंतर मजबूत बनी रहे।
