सुकमा।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने अपने बस्तर प्रवास के चौथे दिन सुकमा जिले में मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत संचालित पेयजल परियोजनाओं और निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मिशन अमृत 2.0 के तहत शबरी नदी पर निर्माणाधीन इंटेक-वेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पानी टंकी तथा पाइपलाइन विस्तार कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जनवरी 2027 से सुकमा शहर में इस परियोजना के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वन मंत्री केदार कश्यप ने किया पद्मश्री …………आगे पढ़ें

केंद्र सरकार की मिशन अमृत 2.0 योजना के तहत नगर पालिका द्वारा 86 करोड़ रुपये की लागत से सुकमा शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना का लगभग 54 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
यह भी पढ़ें: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 7.19 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन …………आगे पढ़ें
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना का निर्माण आगामी 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। इसलिए निर्माण कार्यों और सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा कुम्हाररास में 11 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को दिसंबर 2026 तक परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।
करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फुटबॉल मैदान, एथलेटिक्स ट्रैक, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, प्रशासनिक भवन, बॉक्स क्रिकेट और स्विमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से सुकमा की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
