किरंदुल।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के तीसरे दिन दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल नगर में 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका की मांग पर 3 करोड़ 72 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों को मंजूरी देने के साथ नए कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में विधायक श्री चैतराम अटामी, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।उप मुख्यमंत्री श्री साव ने जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से 3 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकसित ऑक्सीजोन पार्क का लोकार्पण किया। उन्होंने ऑक्सीजोन परिसर में बस्तर के प्रसिद्ध “टाइगर बॉय” चेंदरू की प्रतिमा का भी अनावरण किया।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वन मंत्री केदार कश्यप ने किया पद्मश्री …………आगे पढ़ें

उन्होंने कहा कि ऑक्सीजोन केवल एक पार्क नहीं बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर 15वें वित्त आयोग के तहत खरीदी गई बैकहो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन और पानी टैंकर भी नगर पालिका को सौंपे गए। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों से नगर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।उप मुख्यमंत्री ने नगर में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, जिनमें नाला निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण तथा विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा तथा नागरिकों को बेहतर आवागमन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में किरंदुल नगर पालिका क्षेत्र में 16 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सिटी डेवलपमेंट प्लान के अनुरूप नगरों का योजनाबद्ध विकास कर रही है। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।श्री साव ने बस पार्किंग एवं स्टेज-स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड और विद्युत व्यवस्था के लिए 1 करोड़ 58 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा सीसी रोड निर्माण के लिए 27 लाख रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा भी की।
उन्होंने नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित 3 करोड़ 72 लाख रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करते हुए नए विकास कार्यों के लिए अलग से 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
