रायपुर।
भारत सरकार के कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने गुरुवार को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील नवा रायपुर से इस वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए।
बैठक के दौरान कैबिनेट सचिव ने केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय के साथ विभिन्न योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी राज्यों को तय लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करना होगा।
यह भी पढ़ें: बिलासपुर में बनेगी 120 करोड़ की एजुकेशन सिटी, युवाओं को मिलेगा आधुनिक शिक्षा ………..आगे पढ़ें
वीडियो कॉन्फ्रेंस में शिक्षा, स्वास्थ्य, बच्चों के पोषण एवं शिक्षा, अपार आईडी (APAAR ID), आंगनबाड़ी प्रबंधन, आरोग्य मंदिर, आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम जनमन योजना, पेंशन योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति और कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही राज्यों में इन योजनाओं के संचालन और क्रियान्वयन की समीक्षा भी की गई।

बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली नीति आयोग की राष्ट्रीय बैठक तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित की जाने वाली री-नीट परीक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
यह भी पढ़ें: 35 वर्षों का इंतजार खत्म: भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में साकार हो रहा पक्के घरों का सपना………..आगे पढ़ें
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आकांक्षी जिला कार्यक्रम तथा नियद नेल्लानार योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की विशेष सराहना की गई। इन योजनाओं के माध्यम से राज्य के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को सकारात्मक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।
बैठक में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के सचिव, सभी राज्यों के मुख्य सचिव और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, निगरानी और समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए।
भारत सरकार की इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का उद्देश्य राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर राष्ट्रीय विकास कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाना तथा नागरिकों तक योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाना है।
