कोरबा।
सुशासन तिहार 2026 के तहत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़ापार में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष पूर्णिमा शोभा जगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: बिलासपुर में बनेगी 120 करोड़ की एजुकेशन सिटी, युवाओं को मिलेगा आधुनिक शिक्षा ………..आगे पढ़ें
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। इस दौरान एक हितग्राही को राशन कार्ड, एक हितग्राही को पेंशन स्वीकृति आदेश, तीन दिव्यांग हितग्राहियों को श्रवण यंत्र तथा एक दिव्यांग हितग्राही को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। वहीं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।

जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मांग और शिकायतों के कुल 1065 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 238 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष आवेदनों के परीक्षण और त्वरित निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें: 35 वर्षों का इंतजार खत्म: भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में साकार हो रहा पक्के घरों का सपना………..आगे पढ़ें
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिला और विकासखंड स्तर के अधिकारी शिविरों में उपस्थित होकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित कर रहे हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
