रायपुर, 2 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधीजी और शास्त्रीजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान और आदर्शों का स्मरण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने महात्मा गांधी के विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलकर पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। गांधीजी के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना से जुड़े थे। उनका जीवन सत्य के मार्ग पर दृढ़ रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी का दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों तथा किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श आज भी जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं। उनके विचारों और मूल्यों को अपनाते हुए समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों का निरंतर निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
