सारंगढ़-बिलाईगढ़।
सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बरमकेला विकासखंड के ग्राम भीखमपुरा पहुंचकर सपेरा बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन पीएम आवासों का जायजा लेते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्वीकृत आवासों और विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: बिलासपुर में बनेगी 120 करोड़ की एजुकेशन सिटी, युवाओं को मिलेगा आधुनिक शिक्षा ………..आगे पढ़ें

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले करीब 35 वर्षों से कच्चे मकानों में रह रहे थे और अब प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनका पक्के घर का सपना पूरा हो रहा है। हितग्राहियों ने कहा कि पहली बार उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक आवास में रहने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने दिव्यांग हितग्राही रमाबाई सिदार को बैसाखी प्रदान की तथा बच्चों को चॉकलेट बांटकर उनसे आत्मीय संवाद किया।
यह भी पढ़ें: 68.54 लाख महिलाओं को मिले 642.27 करोड़ रुपये,साय ने जारी की महतारी वंदन योजना………..आगे पढ़ें

उल्लेखनीय है कि भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में 68 परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास, सीसी रोड और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ भी पहुंचाया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में 25 आवास, वर्ष 2025-26 में 14 आवास तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 14 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 10 अन्य परिवारों को आवास प्लस 2.0 सर्वे में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कदम का पौधा लगाया, जबकि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बरगद का पौधा रोपित किया। परिसर में कुल पांच पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री के दौरे से सपेरा बस्ती के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सरकार की योजनाओं से अब उनके जीवन में स्थायी बदलाव आएगा।
