रायपुर ।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नार्थ जोन अंतर्गत उरला स्थित इतवारी बाजार क्षेत्र में पुलिस द्वारा “संवाद से समाधान” अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इतवारी बाजार के व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों एवं क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। लोगों ने क्षेत्र की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर अपने विचार पुलिस के सामने रखे, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़ें: जर्जर सड़क और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन………..आगे पढ़ें

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। साथ ही नागरिकों को साइबर अपराध, धोखाधड़ी और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया गया।
यह भी पढ़ें: अवैध शराब, चाकूबाजी और अड्डेबाजों पर डीडी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई………..आगे पढ़ें
अभियान के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे तत्वों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “संवाद से समाधान” अभियान केवल जनसंपर्क कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास का मजबूत पुल है। नागरिकों के सहयोग से ही अपराध नियंत्रण और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान, अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण के निर्माण के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
