सूरजपुर।
जिले के कल्याणपुर, पोड़िपा, मंजीरा, लटोरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर हो चुकी सड़कों और बढ़ते सड़क हादसों को लेकर कांग्रेस नेताओं एवं ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर सड़क मरम्मत और सुरक्षा संबंधी मांगों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कोयला और गिट्टी परिवहन करने वाले भारी वाहनों के क्षमता से अधिक लोड और तेज रफ्तार के कारण सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सड़कें जगह-जगह टूट चुकी हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें: 23 वर्षों से कायम कांग्रेस का गढ़ बरकरार,436 वोटों से भाजपा को हराया………..आगे पढ़ें

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रमुख मार्गों और गांवों में स्पीड ब्रेकर का निर्माण किया जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
ग्रामीणों ने चौक-चौराहों पर स्ट्रीट लाइट और रेड सिग्नल लगाने की भी मांग की। इसके अलावा एसईसीएल द्वारा पेयजल सुविधा और यात्री प्रतीक्षालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: जशपुर नगर पालिका उपचुनाव में भाजपा का क्लीन स्वीप, दोनों वार्डों में खिला कमल………..आगे पढ़ें
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री परसनाथ राजवाड़े, पूर्व श्रम कल्याण बोर्ड अध्यक्ष श्री शफी अहमद खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
