जशपुरनगर।
नगरपालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 8 एवं 14 के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है। वार्ड क्रमांक 8 से भाजपा प्रत्याशी प्रेमलता साहू ने कांग्रेस प्रत्याशी को 167 मतों के अंतर से पराजित किया, जबकि वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा प्रत्याशी प्रिया सिंह ने 90 मतों से जीत हासिल की।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और “जय जूदेव” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रणजीता स्टेडियम के समीप स्थित स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री ने दी 152 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात,कोंडागांव के विकास का नया स्वर्णिम अध्याय………..आगे पढ़ें
विजयी प्रत्याशियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, विधायक रायमुनि भगत तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। नेताओं ने इस जीत को भाजपा की नीतियों, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास की जीत बताया।
पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि जशपुर की जनता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों पर अपना भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाता है।

विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि नगर क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों पर जनता ने भरोसा जताया है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण कुमार राय ने इसे संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम बताया।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने कहा कि यह जीत संगठन की एकजुटता और भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर जनता के भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगे भी जनसेवा और विकास के कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी।
