बिलासपुर।
सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय अजय पटेल को सिम्स बिलासपुर के चिकित्सकों ने सफल सर्जरी कर नया जीवन दिया है। सड़क हादसे में उनकी पेल्विस (श्रोणि) की हड्डी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी तथा एसीटैबुलम फ्रैक्चर और सेंट्रल हिप डिसलोकेशन जैसी जटिल चोटें आई थीं।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर निवासी अजय पटेल 19 अप्रैल 2026 को बिल्हा क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर लाया गया, जहां जांच में उनकी दाहिनी पेल्विस और हिप जॉइंट में गंभीर क्षति पाई गई।
यह भी पढ़ें: जशपुर नगर पालिका उपचुनाव में भाजपा का क्लीन स्वीप, दोनों वार्डों में खिला कमल………..आगे पढ़ें
वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण सिंह ठाकुर की देखरेख में मरीज का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इसके बाद विभागाध्यक्ष डॉ. बेन के मार्गदर्शन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जटिल सर्जरी की योजना तैयार की।
28 अप्रैल 2026 को विशेषज्ञ टीम ने आधुनिक सी-आर्म (C-Arm) तकनीक की सहायता से ओपन रिडक्शन एंड इंटरनल फिक्सेशन (ORIF) एवं एसीटैबुलर रिपेयर की सफल सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान क्षतिग्रस्त हड्डियों को पुनः सही स्थिति में स्थापित किया गया तथा हिप जॉइंट को सामान्य अवस्था में लाया गया।
यह भी पढ़ें: 23 वर्षों से कायम कांग्रेस का गढ़ बरकरार,436 वोटों से भाजपा को हराया………..आगे पढ़ें
सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति में लगातार सुधार देखा गया। चिकित्सकों की निगरानी में उन्हें फिजियोथेरेपी और पुनर्वास कार्यक्रम से जोड़ा गया, जिससे वे धीरे-धीरे सामान्य गतिविधियों की ओर लौट सके।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सिम्स बिलासपुर में आधुनिक चिकित्सा तकनीक, उन्नत ट्रॉमा सर्जरी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के कारण जटिल मामलों का सफल उपचार संभव हो रहा है। उन्होंने इसे संस्थान की उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं, टीमवर्क और विशेषज्ञता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
