कबीरधाम ।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा दिव्यांगजनों के सामाजिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत कबीरधाम जिले के लोहारा निवासी दिव्यांग श्री धनीराम पटेल को पेट्रोल चलित स्कूटी प्रदान की गई। विधायक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रश्मि विजय शर्मा ने उन्हें स्कूटी की चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं।
स्कूटी मिलने के बाद धनीराम पटेल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने दैनिक कार्यों और दुकानदारी के लिए आने-जाने में काफी सुविधा होगी। उन्होंने इस सहयोग के लिए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और श्रीमती रश्मि विजय शर्मा के प्रति आभार जताया।

जनसंपर्क के दौरान जानी थी समस्या
जानकारी के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा अपने विधानसभा क्षेत्र लोहारा में जनसंपर्क दौरे पर थे। इसी दौरान उन्होंने धनीराम पटेल से मुलाकात कर उनके व्यवसाय और दैनिक जीवन की कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। धनीराम ने बताया था कि दुकानदारी के लिए सामान लाने-ले जाने में उन्हें काफी परेशानी होती है।
यह भी पढ़ें: जशपुर नगर पालिका उपचुनाव में भाजपा का क्लीन स्वीप, दोनों वार्डों में खिला कमल………..आगे पढ़ें
समस्या सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें पेट्रोल चलित स्कूटी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। उसी के परिणामस्वरूप आज उन्हें स्कूटी प्रदान की गई।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता
इस अवसर पर श्रीमती रश्मि विजय शर्मा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह भी पढ़ें: 23 वर्षों से कायम कांग्रेस का गढ़ बरकरार,436 वोटों से भाजपा को हराया………..आगे पढ़ें
उन्होंने कहा कि छोटी-सी सहायता भी किसी व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। स्कूटी मिलने से धनीराम पटेल अपने व्यवसाय और दैनिक जरूरतों को अधिक आत्मविश्वास के साथ पूरा कर सकेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती देवकुमारी चंद्रवंशी, श्रीमती सतविंदर पाहुजा, श्रीमती सविता ठाकुर, श्री नरेन्द्र मानिकपुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
