रायपुर, 25 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
प्रदेश में जारी धान खरीदी के दौरान किसानों द्वारा धान का रकबा कम दर्ज होने संबंधी शिकायतों को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतें मिलने पर वे स्वयं मामले की जांच करें और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
खाद्य विभाग के अंतर्गत सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में इस दिशा में सराहनीय प्रगति हुई है, लेकिन कुछ जिलों में कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रहे हैं। ऐसे जिलों के कलेक्टर योजना के क्रियान्वयन में विशेष रुचि लें और कार्यों को गंभीरता से आगे बढ़ाएं। उन्होंने एलपीजी की तुलना में पीएनजी की किफायत, सुरक्षा और उपयोगिता के बारे में आम नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया। साथ ही जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों की सामुदायिक रसोई, सर्किट हाउस सहित अन्य शासकीय संस्थानों में पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी प्राथमिकता है। सभी कलेक्टर इस योजना के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनमें तेजी लाएं और मासिक समीक्षा के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिन ठेकेदारों ने अपने कार्य पूर्ण कर लिए हैं, उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। बेहतर कार्य करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 की समीक्षा करते हुए कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में संचालित जल प्रदाय योजनाओं और सीवेज परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश बंसल ने विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी समीक्षा बैठक से पहले लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाए तथा आवश्यक प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास परियोजनाओं के कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
औद्योगिक सुधारों की समीक्षा के दौरान उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार ने जानकारी दी कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 700 सुधारों को शामिल किया गया है। इन सुधारों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े उद्यमियों एवं अन्य संबंधित लोगों तक इन सुधारों के लाभों की जानकारी पहुंचाई जाए। साथ ही सुधारों के क्रियान्वयन से प्राप्त परिणामों का नियमित मूल्यांकन किया जाए, ताकि प्रदेश में उद्योगों और व्यवसायों के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। लोगों को घर बैठे शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सके और उनकी समस्याओं का आसानी से निराकरण हो, इसके लिए इन सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाना आवश्यक है।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां संबंधित अधिकारी अपने जिले की स्थिति की गंभीरता से समीक्षा करें। सभी महत्वपूर्ण मिशनों और शासकीय योजनाओं को समय-सीमा (टीएल) की बैठकों में शामिल कर उनकी नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता बरती जाए और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचाएंगे।
पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव श्री विकासशील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
