रायपुर, 25 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले को पांच वृहद पुलों की सौगात मिली है। राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन पुलों के निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण से विशेष रूप से बगीचा विकासखंड के दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
पीएम जनमन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के बैच-I में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच वृहद पुल भी शामिल हैं। इन पुलों की कुल लंबाई 290 मीटर होगी। इनके निर्माण से ग्रामीण बसाहटों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होगा और लोगों को वर्षभर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इसी तरह जबला से नवापारा मार्ग पर नाले में 30 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर नाले में 80 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को विशेष रूप से वर्षा ऋतु के दौरान नालों में पानी भरने के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या से राहत मिलेगी। अभी बारिश के मौसम में कई स्थानों पर नालों के कारण ग्रामीणों का संपर्क मुख्य मार्गों से प्रभावित होता है। पुल बनने से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा गांवों का संपर्क पूरे वर्ष बना रहेगा।
बेहतर संपर्क व्यवस्था का लाभ किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों सहित सभी ग्रामीणों को मिलेगा। किसान अपनी कृषि उपज आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे, विद्यार्थियों को स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा होगी तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकेगा। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
पुलों के निर्माण से दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं की पहुंच भी आसान होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। सभी स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित राशि के अंतर्गत पूर्ण किए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
