रायपुर, 24 नवंबर 2026
जशपुर जिले में मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी और रोजगारपरक बनाने के लिए पारंपरिक मछली पालन के साथ आधुनिक तकनीक आधारित झींगा पालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जिले में उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मत्स्य कृषकों की आय बढ़ाना और उनकी आजीविका को मजबूत बनाना है। योजना के तहत जिले के 40 अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को झींगा बीज वितरित किया गया है। चयनित हितग्राहियों के तालाबों में कुल 25 हेक्टेयर क्षेत्र में मछली और झींगा का एकीकृत पालन किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों से ऐसे अनुसूचित जनजाति वर्ग के मत्स्य कृषकों का चयन किया गया है, जो निजी अथवा पट्टे पर प्राप्त तालाबों में मछली पालन कर रहे हैं। इन हितग्राहियों को पारंपरिक मछली पालन के साथ मीठे पानी में झींगा पालन की तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे एक ही तालाब में मछली और झींगा दोनों का उत्पादन संभव होगा।
इस संबंध में 23 नवंबर को मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बाघिमा, जशपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चयनित मत्स्य कृषकों को झींगा पालन की आधुनिक तकनीक, तालाब प्रबंधन, झींगा बीज संचयन और बेहतर उत्पादन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित हितग्राहियों को झींगा बीज का वितरण भी किया गया, ताकि वे अपने तालाबों में एकीकृत पालन की शुरुआत कर सकें।

योजना के तहत झींगा पालन के लिए निर्धारित प्रति हेक्टेयर लागत पर विभाग द्वारा 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इसके माध्यम से कृषक कतला और रोहू जैसी प्रमुख मछली प्रजातियों के साथ मीठे पानी में झींगा का पालन कर सकेंगे। बाजार में झींगा की अच्छी मांग और अपेक्षाकृत अधिक कीमत होने के कारण किसानों को एक ही तालाब से दो प्रकार के मत्स्य उत्पाद प्राप्त होंगे। इससे उनकी उत्पादन क्षमता और आमदनी बढ़ाने की संभावना है।
विभागीय आकलन के अनुसार, एकीकृत मछली एवं झींगा पालन पद्धति अपनाने से मत्स्य कृषक प्रति हेक्टेयर लगभग 3.32 लाख से 5.32 लाख रुपये तक का लाभ अर्जित कर सकते हैं। इस योजना से जिले में मत्स्य पालन की उत्पादकता और आर्थिक लाभ बढ़ने के साथ ही विशेष रूप से जनजातीय कृषकों के लिए अतिरिक्त आय और स्वरोजगार के अवसर विकसित होंगे। आधुनिक तकनीक के उपयोग से मत्स्य कृषक अपनी आजीविका को अधिक मजबूत बना सकेंगे।
