रायपुर, 22 नवंबर 2026
रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने अपनी मेहनत, नई सोच और उद्यानिकी विभाग से मिले तकनीकी मार्गदर्शन के जरिए गेंदा फूलों की खेती को बेहतर आमदनी का माध्यम बना लिया है। उनके खेतों में दूर-दूर तक फैली गेंदा फूलों की रंग-बिरंगी क्यारियां उनकी सफलता की कहानी बयां करती हैं। विद्याधर पटेल वर्तमान में 7 से 8 एकड़ क्षेत्र में गेंदा फूलों की खेती कर रहे हैं। उनके खेतों में उत्पादित फूलों की आपूर्ति छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा के कई क्षेत्रों में भी नियमित रूप से की जा रही है।

किसान विद्याधर पटेल के अनुसार गेंदा फूलों की खेती से प्रति एकड़ लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि उत्पादन पर करीब 1 से 1.5 लाख रुपये की लागत आती है। इस तरह वे गेंदा फूलों की खेती से सालाना लगभग 35 लाख रुपये तक की आमदनी अर्जित कर रहे हैं। दशहरा से दीपावली तक फूलों की मांग काफी बढ़ जाती है। सीजन के दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 वाहनों के माध्यम से फूलों की आपूर्ति की जाती है। उनके खेतों से तैयार फूल सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भेजे जाते हैं। वहीं ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ जैसे क्षेत्रों में भी इनकी नियमित मांग बनी हुई है।
विद्याधर पटेल ने बताया कि वे पहले सब्जी-भाजी की खेती करते थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में शासन द्वारा आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे। इन्हीं प्रदर्शनियों में गेंदा फूलों की अच्छी मांग और बिक्री देखकर उन्हें इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने की प्रेरणा मिली। शुरुआत में उन्होंने सीमित क्षेत्र में गेंदा फूल उगाए और अनुभव बढ़ने के साथ धीरे-धीरे खेती का रकबा 7 से 8 एकड़ तक पहुंचा दिया।

गेंदा फूलों की खेती के शुरुआती दौर में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा बना रहता था। इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने उद्यानिकी विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन लिया और वैज्ञानिक पद्धति से पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इससे फूलों के उत्पादन और बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बनाने में मदद मिली। दीपावली के दौरान फूलों की बिक्री नहीं हो पाने की स्थिति में भी बाद में उन्हें बाजार में बेचने का अवसर मिलने लगा, जिससे नुकसान की आशंका कम हुई। खेतों में पाइपलाइन बिछाने के साथ जरूरत के अनुसार ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।
गेंदा फूलों की खेती के साथ विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इनमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूलों का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी तैयार की है। इस तरह फूलों और सब्जियों की खेती के जरिए उन्होंने आय के अलग-अलग स्रोत विकसित किए हैं।
विद्याधर पटेल की यह सफलता बताती है कि खेती में नई तकनीक, बाजार की मांग की समझ और निरंतर मेहनत को अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। उनकी खेती से न केवल उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ मिल रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी नियमित रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
