रायपुर, 22 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध धान परिवहन, भंडारण तथा कोचियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए राज्य शासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कांकेर जिले में प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर अवैध धान के मामलों में जब्ती की कार्रवाई की है।
जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले में अब तक कोचियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कुल 16 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में कुल 1,237 क्विंटल धान जब्त किया गया है। सभी संबंधित प्रकरणों में मंडी अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, दो मामलों में मंडी अधिनियम की धारा 19 एवं 23 के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई है।
जांच अभियान के दौरान चारामा, पखांजूर, कोयलीबेड़ा, कांकेर, अंतागढ़ और दुर्गूकोंदल सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध धान जब्त किया गया। इस कार्रवाई में धान व्यापार से जुड़ी फर्मों के संचालकों, कोचियों और अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं। चारामा क्षेत्र के कोटतरा, जेपरा, टांहकापार और हाराडुला में व्यापारियों तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों से धान जब्त किया गया। इसी प्रकार पखांजूर क्षेत्र के मरोड़ा, ताड़वेयली और सावनपुर, कोयलीबेड़ा क्षेत्र के कोयलीबांडा, दुर्गूकोंदल तथा अंतागढ़ क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन द्वारा जिले में अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता करने वाले कोचियों, व्यापारियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
