रायपुर, 22 नवंबर 2026
बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम राजूर निवासी किसान फूलसिंह सेठिया ने उन्नत खेती और बहुफसली उत्पादन के जरिए अपनी सीमित कृषि भूमि को अतिरिक्त आमदनी का जरिया बना लिया है। परंपरागत धान की खेती के साथ रबी सीजन में मक्का और साग-सब्जियों का उत्पादन कर वे सालभर कृषि कार्यों से जुड़े रहते हैं। उनकी मेहनत और खेती में नवाचार की सोच ने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
फूलसिंह सेठिया के पास तीन एकड़ पैतृक कृषि भूमि है। वे खरीफ सीजन में श्री विधि से धान की उन्नत खेती करते हैं। हाल ही में वे तोकापाल धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज बेचने पहुंचे, जहां उन्होंने बताया कि इस वर्ष वे लिंकिंग के माध्यम से 38 क्विंटल धान का विक्रय कर रहे हैं। इससे सहकारी समिति से लिए गए फसल ऋण की अदायगी में भी मदद मिलेगी। पिछले वर्ष उन्होंने समिति में 32 क्विंटल धान बेचा था और अंतर की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा हुई थी।
खेत में स्थापित नलकूप ने उनकी रबी खेती को नई दिशा दी है। सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होने से वे खरीफ फसल की कटाई के बाद खेत खाली नहीं छोड़ते, बल्कि रबी सीजन में मक्का और विभिन्न प्रकार की साग-सब्जियां उगाते हैं। इससे सीमित कृषि भूमि का बेहतर उपयोग हो रहा है और परिवार को सालभर आमदनी का अवसर मिल रहा है।
फूलसिंह अपने खेतों में उत्पादित साग-सब्जियों को तोकापाल, रायकोट और डिलमिली के स्थानीय बाजारों में बेचते हैं। सब्जियों के विक्रय से उन्हें सीजन के दौरान करीब तीन लाख रुपये की आय प्राप्त होती है। धान, मक्का और सब्जियों से होने वाली आमदनी का उपयोग वे परिवार के भरण-पोषण, दैनिक जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर करते हैं।
किसान फूलसिंह सेठिया ने राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने के निर्णय को किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया है। उनका कहना है कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं और सहयोग से किसानों को खेती-किसानी में आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
