रायपुर, 22 नवंबर 2026
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए महासमुंद जिले में अवैध धान भंडारण, परिवहन और निर्धारित मात्रा से अधिक धान संग्रहण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले की विभिन्न तहसीलों में जांच और निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में 20 से 22 नवंबर तक अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया गया। संबंधित मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

20 नवंबर को तहसील कोमाखान के ग्राम गांजर में मनोज चंद्राकर पिता त्रिभुवन और चूरामन पिता भगनानी द्वारा राजेश साहू पिता दशरथ साहू के घर में रखे गए 600 कट्टा अवैध धान पर जब्ती की कार्रवाई की गई। इसी दिन धान उपार्जन केंद्र बम्हनी और बरोण्डा बाजार का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धान के स्टैक तिरपाल से ढके पाए गए। इस पर समिति प्रबंधक को पर्याप्त तिरपाल उपलब्ध रखने, उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने और उपार्जन केंद्र के आसपास जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं तहसील महासमुंद के ग्राम बम्हनी में फुटकर व्यापारी वीरेंद्र यादव पिता खिलावन यादव के यहां निर्धारित मात्रा से अधिक भंडारित 52.80 क्विंटल यानी 132 कट्टा धान जब्त किया गया।
21 नवंबर को भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई जारी रही। तहसील सरायपाली के ग्राम में प्रहलाद साहू के गोदाम से 100 कट्टा धान जब्त किया गया। तहसील बसना के ग्राम गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा और ग्राम दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। इसी तरह खेमड़ा निवासी राकेश पांडे को पिकअप वाहन में 65 कट्टा अवैध धान का परिवहन करते पाए जाने पर धान मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास 50 कट्टा अवैध धान मिलने पर मंडी विभाग ने कार्रवाई की।

एसडीएम महासमुंद आस्था बोरकर के नेतृत्व में मंडी सचिव पूरन सिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा और मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की संयुक्त टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां 60 कट्टा यानी 24 क्विंटल अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। टीम ने मरौद धान उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया। वहीं तहसील पिथौरा के ग्राम बाम्हनी में एसडीएम ने कृषक वी.के. अग्रवाल के निजी गोदाम की जांच की, जहां रबी फसल का 300 पैकेट धान भंडारित पाया गया। इस पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
22 नवंबर को भी अवैध धान के विरुद्ध कार्रवाई जारी रही। तहसील कोमाखान के ग्राम कोमाखान में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से रबी फसल का 150 कट्टा धान जब्त किया गया। ग्राम पतेरापाली में गोवर्धन पिता कपूर चंद साहू के घर से 75 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। इसी तरह ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में रबी फसल का 350 बोरा धान भंडारित पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। तहसील सरायपाली के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के घर से 55 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितताओं को रोकने के लिए उपार्जन केंद्रों, निजी गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध भंडारण या परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना और अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
