रायपुर, 21 नवंबर 2026
कांकेर जिला मुख्यालय में 23 और 24 नवंबर को जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को कुल 11 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन के तहत 23 नवंबर को जूनियर वर्ग और 24 नवंबर को सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे।
जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, रस्साकसी, बैडमिंटन, तीरंदाजी, कराते, वेटलिफ्टिंग और एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए खेलों के अनुसार अलग-अलग आयोजन स्थल निर्धारित किए गए हैं।
कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, एथलेटिक्स, हॉकी, कराते और वेटलिफ्टिंग के मुकाबले शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में होंगे। वहीं फुटबॉल और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं मिनी स्टेडियम में आयोजित की जाएंगी। तीरंदाजी के मुकाबले शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर में होंगे।
दो दिवसीय इस आयोजन में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
