रायपुर, 22 नवंबर 2026
आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण में सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। इसके जरिए प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई से लोगों को राहत मिल रही है और शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुमा में बंद पड़े सोलर ड्यूल पंप की शिकायत का त्वरित समाधान किया गया। तकनीकी खराबी दूर कर पंप को दोबारा चालू कराया गया, जिससे गांव में पेयजल आपूर्ति बहाल हो गई है।
ग्राम कुमा निवासी सुरेश राठिया ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था के लिए स्थापित सोलर ड्यूल पंप के बंद होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी। पंप के काम नहीं करने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए क्रेडा जिला कार्यालय रायगढ़ के अधिकारी विक्रम वर्मा ने तकनीकी टीम के माध्यम से पंप की जांच कराई।
जांच में पंप में तकनीकी खराबी सामने आई। इसके बाद क्रेडा के मैकेनिक ने तत्काल मरम्मत कार्य किया और आवश्यक सुधार के बाद पंप को पुनः चालू कर दिया। वर्तमान में पंप सुचारू रूप से काम कर रहा है और इसके माध्यम से ग्रामीणों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
पंप के दोबारा शुरू होने से ग्राम कुमा के निवासियों के साथ-साथ वहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी दिन-रात स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है। शिकायतकर्ता सुरेश राठिया ने समस्या के समाधान पर संतोष व्यक्त किया। वहीं, ग्रामीणों ने पेयजल सुविधा बहाल होने पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
