रायपुर, 22 नवंबर 2026
जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित की जाएगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने जनजातीय विरासत को संरक्षित करने और पारंपरिक मेला-मड़ई के बेहतर आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इससे जनजातीय वीरों के संघर्ष और बलिदान की गाथाएं नई पीढ़ी तक पहुंच रही हैं। उन्होंने देश की आजादी और संस्कृति की रक्षा के लिए जनजातीय समाज द्वारा किए गए संघर्षों का उल्लेख करते हुए 17 नवंबर 1913 को राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित मानगढ़ पहाड़ी पर हुए भील जनजातीय आंदोलन की घटना को याद किया। संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन के दौरान ब्रिटिश सेना ने एकत्रित आदिवासियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इस घटना को मानगढ़ नरसंहार अथवा आदिवासी जलियांवाला बाग के नाम से भी जाना जाता है। इसमें लगभग 1,500 जनजातीय महिला, पुरुष और बच्चों के शहीद होने का उल्लेख मिलता है।
उन्होंने कोमाराम भीम, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी कमलापति जैसी महान विभूतियों के योगदान को भी याद किया। मंत्री ने कहा कि भोपाल रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखा जाना हमारी ऐतिहासिक विरासत और जनजातीय गौरव के सम्मान का प्रतीक है।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए मंत्री ने वन विभाग को दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने के संबंध में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने की व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि विद्यार्थी जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को करीब से जान सकें। इसके साथ ही पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण और उनके बेहतर आयोजन के लिए कलेक्टर को विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।
समारोह में विधायक चौतराम अटामी ने जनजातीय लोककला और परंपराओं के
