रायपुर, 22 नवंबर 2026
बस्तर अंचल के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक अब खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच बन रहा है। इसी कड़ी में दंतेवाड़ा में दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 11 खेल विधाओं के अंतर्गत कुल 1,058 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा के हाई स्कूल खेल मैदान में प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने तीरंदाजी और बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ की शुरुआत कराकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में शांति और सुरक्षा का बेहतर वातावरण बनने से क्षेत्र के युवाओं के लिए नए अवसरों और संभावनाओं के द्वार खुल रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 4 नवंबर तक आयोजित विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विकासखंड स्तर पर कुल 18,551 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इनमें 9,251 पुरुष और 9,300 महिलाएं शामिल थीं। यह आंकड़ा खेल आयोजनों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। अब जिला स्तर पर 11 खेल विधाओं में 1,058 खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
बस्तर ओलंपिक के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने, खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है। क्षेत्र में बेहतर शांति और सुरक्षा का वातावरण बनने से युवाओं की खेल सहित विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
कार्यक्रम में विधायक चौतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
