सूरजपुर, 16 अक्टूबर 2026
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कुदरगढ़ में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानों और होटलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनकी उपयोग की अंतिम तिथि और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी गई। एक दुकान में फ्रूट के 10 एक्सपायरी पैकेट मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
कलेक्टर रेना जमील और उप संचालक के निर्देश पर अभिहित अधिकारी पुष्पा राज चौहान तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपा साहू ने मेले में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों को अखबार में रखकर परोसने या पैक करने से बचने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने मिठाइयों में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमत खाद्य रंगों का इस्तेमाल करने और होटलों में तलने के लिए उपयोग किए जाने वाले तेल की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। बार-बार इस्तेमाल किए गए तेल से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी दुकानदारों को सचेत किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मेले सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण और जांच का अभियान जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
