उत्तर बस्तर कांकेर, 16 अक्टूबर 2026
उत्तर बस्तर कांकेर जिले के ग्राम मुड़पार (दखनी) निवासी किसान राम सिंह जुर्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया है। इस पहल से उन्हें आने वाले समय में बिजली बिल में राहत मिलने की उम्मीद है। खेती-किसानी से परिवार का भरण-पोषण करने वाले जुर्री ने बढ़ते बिजली खर्च को कम करने के उद्देश्य से सौर ऊर्जा का विकल्प चुना है।
राम सिंह जुर्री ने बताया कि पहले उनके घर में हर महीने लगभग 3,000 से 3,500 रुपये तक बिजली बिल आता था। इससे घरेलू खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। बिजली खर्च में कमी लाने के लिए उन्होंने हाल ही में अपने घर में सोलर पैनल स्थापित कराया है। उन्हें उम्मीद है कि सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली बिल में कमी आएगी और परिवार को आर्थिक राहत मिलेगी।
सोलर पैनल हाल ही में स्थापित हुआ है, इसलिए अभी उन्हें पहला बिजली बिल प्राप्त नहीं हुआ है। आगामी बिल आने के बाद ही वास्तविक बचत का आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा अपनाने की उनकी पहल बिजली खर्च कम करने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
