उत्तर बस्तर कांकेर, 30 अगस्त 2026। अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम फुलपाड़ में 12 वर्षीय बालक की मृत्यु की खबर पर कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को गांव पहुंचकर प्रभावित परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए।
निर्देश के पालन में आज स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने ग्राम फुलपाड़ का भ्रमण किया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अंतागढ़ श्री राहुल रजक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर, तहसीलदार अंतागढ़ श्री वीरेंद्र नेताम और खंड चिकित्सा अधिकारी अंतागढ़ डॉ. बी.के. रामटेके सहित टीम ने मृतक बालक हेमराज कुमेटी के परिजनों एवं ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
इस दौरान ग्रामीणों और प्रभावित परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। साथ ही मलेरिया की जांच भी की गई, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस और 112 नंबर पर संपर्क करने की अपील की। ग्रामीणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ का आपातकालीन संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया गया।
इसके अलावा टीम ने रावघाट प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने और आवश्यकता पड़ने पर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
