रायपुर, 30 अगस्त 2026। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने रायपुर स्थित अपने शासकीय आवास पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नागरिक उपस्थित रहे।
‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वच्छता, स्थानीय उद्यमिता, कृषि में वैज्ञानिक नवाचार और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल माध्यमों से संरक्षित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
पीएम स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि छोटे रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने स्वच्छता को पर्यटन से जोड़ते हुए कहा कि स्वच्छ पर्यटन स्थल पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा करते हैं।
अमरनाथ यात्रा सहित देश की आध्यात्मिक पर्यटन परंपरा का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी राम वन गमन पथ, माता कौशल्या की नगरी और अनेक प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के माध्यम से आध्यात्मिक पर्यटन की समृद्ध परंपरा का हिस्सा है।
उन्होंने कृषि में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक नवाचार को किसानों की समृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। वहीं ‘Vocal for Local’ अभियान को स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों के लिए नए बाजार उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
श्री राजेश अग्रवाल ने कहा, “मन की बात देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों और नवाचारों को सामने लाने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री का यह संवाद नागरिकों को राष्ट्रहित में योगदान देने और अपनी संस्कृति, पर्यावरण, युवा शक्ति तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।”
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ जनभागीदारी और राष्ट्रनिर्माण की भावना को नई ऊर्जा देने वाला प्रभावी माध्यम है।
.
