रायपुर, 30 अगस्त 2026।
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। लापता लोगों में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल बताई गई हैं। डॉ. मीना गुप्ता ब्रिटेन में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मामले पर चिंता जताते हुए डॉ. मीना गुप्ता की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में डॉ. मीना गुप्ता के परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
भारतीय दूतावास और अधिकारियों से संपर्क
मंत्री राजेश अग्रवाल के अनुसार, डॉ. मीना गुप्ता की स्थिति और उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर नेपाल स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक और राजनयिक स्तर पर उपलब्ध माध्यमों के जरिए आवश्यक जानकारी साझा की जा रही है, ताकि लापता लोगों की तलाश और सुरक्षित वापसी के प्रयासों में मदद मिल सके।
विदेश मंत्रालय से भी किया संपर्क
मंत्री ने बताया कि उन्होंने मामले को लेकर विदेश मंत्रालय से तत्काल संपर्क किया है। मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी डॉ. मीना गुप्ता के पिता एवं अंबिकापुर के वरिष्ठ नेता कर्ताराम गुप्ता को उपलब्ध कराई गई है।
इसके माध्यम से डॉ. मीना गुप्ता से संबंधित जरूरी जानकारी विदेश मंत्रालय तक पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
परिवार की चिंता के बीच सुरक्षित वापसी की उम्मीद
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि नेपाल की बाढ़ के बाद भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर बेहद चिंताजनक है। संकट की इस घड़ी में प्रत्येक परिवार की चिंता और व्याकुलता को समझा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मीना गुप्ता सहित सभी लापता भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए उपलब्ध माध्यमों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना
मंत्री ने नेपाल की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के सदस्य लापता हैं, उनके लिए यह बेहद कठिन समय है और ऐसे समय में हरसंभव सहयोग और सहायता जरूरी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि राहत एवं बचाव कार्यों तथा लापता लोगों की तलाश में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और डॉ. मीना गुप्ता सहित सभी लापता भारतीय नागरिक सकुशल अपने परिवारों के बीच लौटेंगे।
