नगरदा इंडेन ग्रामीण वितरक के निलंबन के बाद क्षेत्रवार वैकल्पिक वितरकों से होगी गैस रिफिल की आपूर्ति
सक्ती, 29 अगस्त 2026
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा नगरदा, जिला सक्ती में संचालित इंडेन गैस डिस्ट्रीब्यूटरशिप मेसर्स नगरदा इंडेन ग्रामीण वितरक को प्रशासनिक कारणों से अस्थायी रूप से निलंबित किए जाने के बाद उपभोक्ताओं को एलपीजी रिफिल की निर्बाध आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के तहत नगरदा इंडेन ग्रामीण वितरक से जुड़े उपभोक्ताओं को अब क्षेत्रवार निर्धारित वैकल्पिक वितरकों के माध्यम से गैस रिफिल उपलब्ध कराई जाएगी।
सक्ती और आसपास के क्षेत्रों के इंडेन उपभोक्ताओं को मेसर्स पंचमुखी इंडेन, सक्ती द्वारा एलपीजी रिफिल की आपूर्ति की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उपभोक्ता 9131960294 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं नगरदा और आसपास के क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मेसर्स जैजैपुर इंडेन ग्रामीण वितरक, जैजैपुर के माध्यम से रिफिल उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए उपभोक्ता +91-7477248920 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद उपभोक्ताओं को एलपीजी रिफिल पूर्व की तरह खुदरा बिक्री मूल्य पर ही उपलब्ध होगी। उपभोक्ताओं से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। कंपनी द्वारा यह व्यवस्था इसलिए की गई है, ताकि वितरक के निलंबन का असर घरेलू गैस आपूर्ति पर न पड़े और उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल मिलती रहे।
किसी भी प्रकार की असुविधा या शिकायत की स्थिति में उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, इंडेन मंडल कार्यालय, रायपुर से भी संपर्क कर सकते हैं। एलपीजी ग्राहक सेवा अधिकारियों के संपर्क नंबर 0771-4313009 एवं 0771-4313026 हैं।
निलंबित नगरदा इंडेन ग्रामीण वितरक से जुड़े सभी उपभोक्ताओं को एसएमएस के माध्यम से भी वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही इंडेन मंडल कार्यालय, रायपुर द्वारा जिला खाद्य अधिकारी, सक्ती तथा कार्यालय कलेक्टर, जिला सक्ती को भी वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि वैकल्पिक एलपीजी वितरकों के माध्यम से गैस रिफिल की आपूर्ति समय पर और निर्बाध रूप से जारी रहेगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि गैस रिफिल से संबंधित किसी भी आवश्यकता या समस्या के लिए निर्धारित संपर्क नंबरों पर जानकारी प्राप्त करें।
