सक्ती, 29 अगस्त 2026
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में खेल दिवस एवं खेल अलंकरण समारोह का आयोजन खेलो इंडिया लघु केंद्र (फुटबॉल), रगजा में किया गया। समारोह में खिलाड़ियों को खेलों के महत्व और जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पढ़ाई के साथ युवाओं को खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा ने कहा कि सक्ती जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की। प्रशासन द्वारा जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अकलसरा और सक्ती के खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबले में सक्ती की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
समारोह के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों का सम्मान किया गया। अतिथियों ने सम्मानित खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि खेल स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम हैं। जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी हैं, जिससे वे जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
इस अवसर पर एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, खेल अधिकारी श्री हरि पटेल, श्री अभिषेक शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रशिक्षक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
