रायपुर, 28 अगस्त 2026
नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है। अब तक प्रदेश से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई है। इनमें 2 के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बिलासपुर और सुरगुजा से जुड़े 2 नागरिकों के लापता होने की सूचना है।
रायपुर की मोनिका के परिजनों से संपर्क स्थापित
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। उनकी स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है और प्रशासन लगातार आवश्यक समन्वय बनाए हुए है।
मंजू राय चौधरी के संबंध में भी मिली जानकारी
बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी अब परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन करने के साथ संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों से समन्वय कर रहा है।
प्रियंका और डॉ. मीना अब भी लापता
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। उनके परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं।
इसी तरह सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता भी नेपाल में लापता हैं। वे यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है।
रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित
रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके सुरक्षित होने की जानकारी मिलने से परिजनों ने भी राहत की सांस ली है।
नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से लगातार समन्वय
आपदा की स्थिति के बीच राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है। राज्य सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए हुए है, ताकि प्रभावित नागरिकों तक जल्द से जल्द आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।
राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
