रायपुर, 28 अगस्त 2026
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को राजधानी रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय समारोह में 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे से समारोह का आयोजन किया गया है। वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विभिन्न पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
समारोह में शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव समारोह की अध्यक्षता करेंगे। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के विधायक, महापौर श्रीमती मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन कुमार अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।
