उत्तर बस्तर कांकेर, 26 अगस्त 2026
शिक्षकों की समस्याओं और स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण और स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं अपर कलेक्टर कांकेर को समीक्षा बैठक लेकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आज ही सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर शिक्षकों की समस्याओं तथा स्कूलों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा है। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
इसी प्रकार अपर कलेक्टर कांकेर को जिला शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों तथा जिला शिक्षा कार्यालय एवं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में पदस्थ सभी स्थापना प्रभारियों की बैठक लेकर शिक्षकों की समस्याओं, मांगों और स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। समीक्षा के बाद विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
