100 किलोलीटर जलागार और पाइपलाइन नेटवर्क से 436 परिवारों को मिला घरेलू नल कनेक्शन
रायपुर, 26 अगस्त 2026
जल जीवन मिशन के माध्यम से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड छुईखदान के ग्राम कटंगी में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीणों के दैनिक जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब गांव के परिवारों को घर के पास ही नल से पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे पानी के लिए दूर स्थित जलस्रोतों पर निर्भरता कम हुई है।
ग्राम कटंगी में 100 किलोलीटर क्षमता के उच्च स्तरीय जलागार का निर्माण कर पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया गया है। इसके माध्यम से करीब दो हजार की आबादी वाले गांव के 436 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। घर-घर नल पहुंचने से ग्रामीण परिवारों को पेयजल जुटाने में लगने वाले समय और श्रम से राहत मिली है।
घर में नल से पानी मिलने से महिलाओं को सबसे अधिक सुविधा हुई है। ग्राम कटंगी निवासी श्रीमती ललिता यादव ने बताया कि पहले परिवार की जरूरत के लिए पानी भरने और उसे घर तक लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। अब नल से घर पर ही पानी मिलने से रोजमर्रा के काम आसानी से पूरे हो जाते हैं। बचा हुआ समय वे घरेलू कार्यों और बच्चों की देखभाल में लगा पा रही हैं।
जल जीवन मिशन से पहले ग्रामीण परिवार हैंडपंप और अन्य पारंपरिक जलस्रोतों पर निर्भर रहते थे। गर्मी और बरसात के मौसम में पानी की व्यवस्था करना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता था। विशेषकर महिलाओं और बच्चों को पानी लाने के लिए अतिरिक्त समय देना पड़ता था। घरेलू नल कनेक्शन मिलने के बाद इस समस्या में काफी कमी आई है। बच्चों को भी पानी लाने की जिम्मेदारी से राहत मिली है, जिससे वे पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के लिए अधिक समय दे पा रहे हैं।
योजना के तहत केवल नल कनेक्शन उपलब्ध कराने पर ही ध्यान नहीं दिया जा रहा, बल्कि पेयजल की गुणवत्ता और जल स्रोतों की नियमित देखरेख पर भी जोर दिया जा रहा है। क्लोरीनेशन, जल गुणवत्ता की निगरानी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन ने गांव में पेयजल की समस्या को कम करने के साथ उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया है। घर में नल से पानी मिलने से समय और श्रम की बचत हो रही है तथा परिवारों में स्वच्छ पेयजल को लेकर भरोसा बढ़ा है।
ग्राम कटंगी में 100 किलोलीटर जलागार, पाइपलाइन नेटवर्क और 436 घरेलू नल कनेक्शनों की सुविधा ग्रामीण बुनियादी ढांचे में आए सकारात्मक बदलाव का उदाहरण है। जल जीवन मिशन के माध्यम से गांव में ‘हर घर जल’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
