उमा साहू के चेहरे पर खिली मुस्कान
रायपुर, 26 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन से पहले योजना की 31वीं किस्त के रूप में एक हजार रुपये की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचने से प्रदेश की लाखों बहनों के चेहरे पर खुशी और मन में आत्मविश्वास नजर आ रहा है।
सक्ती जिले के ग्राम डोडकी निवासी श्रीमती उमा साहू के लिए भी महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त रक्षाबंधन से पहले खुशियों का विशेष उपहार बनकर आई है। खाते में राशि पहुंचने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार के लिए आर्थिक संबल बनी है। वे इस राशि को घरेलू खर्च में उपयोग करने के बजाय अपनी बेटी के बेहतर भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि खाते में जमा कर रही हैं।
श्रीमती उमा साहू ने कहा कि आज की छोटी-छोटी बचत भविष्य में बेटी की उच्च शिक्षा और उसके बड़े सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनके लिए महतारी वंदन योजना की राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटी के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य को संवारने का अवसर है। नियमित सहायता से उन्हें भविष्य के लिए बचत करने का भरोसा भी मिला है।
रक्षाबंधन से पहले 31वीं किस्त मिलने की खुशी जाहिर करते हुए श्रीमती उमा साहू ने कहा, “हमारे विष्णु भैया ने सितंबर माह की राशि अगस्त में ही देकर हम बहनों को रक्षाबंधन का उपहार दिया है। राखी से पहले यह राशि मिलना हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। विष्णु भैया ने हमारी खुशियां दोगुनी कर दी हैं। इसके लिए मैं उन्हें हृदय से धन्यवाद देती हूं।”
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की राशि बेटियों के भविष्य के लिए सुरक्षित रखने से उन्हें विश्वास मिला है कि आने वाले समय में बेटी की पढ़ाई और अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक आधार मजबूत रहेगा। योजना की प्रत्येक किस्त उनके लिए आत्मनिर्भरता, सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाएं अपनी व्यक्तिगत जरूरतों, घरेलू खर्चों, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की योजनाओं में राशि का उपयोग कर रही हैं। इससे महिलाओं की आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास को भी मजबूती मिल रही है।
रक्षाबंधन जैसे आत्मीय पर्व से पहले सितंबर माह की राशि अगस्त में मिलना श्रीमती उमा साहू सहित प्रदेश की लाखों बहनों के लिए खुशियों की अतिरिक्त सौगात बनकर आया है। महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त आर्थिक सहायता के साथ बहनों के सम्मान, भरोसे और सशक्तिकरण का संदेश भी लेकर आई है। यही वजह है कि बहनें इस राशि को आत्मीयता के साथ “विष्णु भैया का उपहार” मान रही हैं।
