रायपुर, 23 अगस्त 2026
पवित्र श्रावण मास में राजधानी रायपुर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को पवित्र श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा हमारी आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए पैदल रवाना होते हैं। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह सनातन संस्कृति की जीवंत परंपरा को दर्शाता है।

गुढ़ियारी के मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष और भक्ति से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एकता और समरसता का भी उत्सव है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेव घाट में विराजमान भगवान हटकेश्वरनाथ के प्रति प्रदेशवासियों की गहरी आस्था है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता के साथ-साथ समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के प्राचीन शिवधाम और धार्मिक स्थल हमारी विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करती है। सेवा, सहयोग और सामूहिकता की भावना छत्तीसगढ़ की संस्कृति की विशेष पहचान है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इससे धार्मिक स्थलों को नई पहचान मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी शिवभक्तों को कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख-शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे और हर परिवार में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली आए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक श्री राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
