लखनपुर में मछली बीज वितरण कार्यक्रम, मंत्री राजेश अग्रवाल ने महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर दिया जोर
रायपुर, 22 अगस्त 2026
ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत लखनपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तरीय मछली बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों को मछली पालन से जोड़ने की पहल की सराहना की।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध कौशल का बेहतर उपयोग जरूरी है। मछली पालन ग्रामीण परिवारों के लिए आय का अच्छा माध्यम बन सकता है। शासन की योजनाओं के जरिए ग्रामीणों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें अपने गांव में ही आजीविका के अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘बिहान’ के महिला स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों से जुड़ी महिलाएं बचत, ऋण और विभिन्न आयमूलक गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। सरकार का प्रयास है कि इन्हें मछली पालन, कृषि, पशुपालन, लघु उद्योग सहित अन्य स्थानीय व्यवसायों से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
मंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ पूरे गांव की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के माध्यम से भी ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका, कौशल विकास, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण जैसे क्षेत्रों में सुधार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ग्रामीण हितग्राहियों को मछली पालन के लिए मछली बीज वितरित किए गए। इससे ग्रामीण परिवारों को अपने उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर मछली पालन शुरू करने और भविष्य में अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा। हितग्राहियों ने शासन की इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव में ही रोजगार का साधन मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मंत्री श्री अग्रवाल ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और उपलब्ध अवसरों का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता तभी सार्थक है, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े परिवार तक पहुंचे और उन्हें स्थायी आजीविका का आधार मिले।
कार्यक्रम में लुंड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
