उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निधि का प्रभावी उपयोग कर शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के दिए निर्देश
रायपुर, 22 अगस्त 2026
राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगरीय निकायों को एल्डरमैन निधि की पहली किस्त के रूप में 9 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपए जारी किए हैं। यह राशि स्वीकृत निधि की 50 प्रतिशत पहली किस्त है। इस निधि से मनोनीत पार्षदों यानी एल्डरमैन की अनुशंसा के आधार पर स्थानीय जरूरतों से जुड़े विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने यह राशि जारी की है। श्री साव ने नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि एल्डरमैन निधि का उपयोग स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी और प्रभावी तरीके से किया जाए, ताकि शहरी आबादी को विकास कार्यों और जरूरी सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सके।
जारी राशि में राज्य के 10 नगर निगमों के लिए कुल 2 करोड़ 7 लाख रुपए, 53 नगर पालिकाओं के लिए 3 करोड़ 93 लाख रुपए तथा 102 नगर पंचायतों के लिए 3 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपए शामिल हैं।
एल्डरमैन निधि के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आवश्यक विकास कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी। शासन का उद्देश्य इस राशि का उपयोग नगरीय क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप करते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और शहरों के विकास को गति देना है।
